बिलासपुर; दो माह बाद खत्म होगा कुलपति प्रो. चक्रवाल का कार्यकाल; जाते-जाते भर्ती में अपनों को साधने की तैयारी?…भर्तियों में संघ और सत्ता संगठन से जुड़े लोगों के करीबियों को फायदा पहुंचाने के आरोप!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल का कार्यकाल अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। जुलाई 2026 में उनका कार्यकाल समाप्त होना है, लेकिन उससे पहले विश्वविद्यालय में खाली पदों पर प्रस्तावित भर्तियों को लेकर विवाद गहराने लगा है। विश्वविद्यालय परिसर में यह चर्चा तेज है कि कार्यकाल खत्म होने से पहले करीबियों और प्रभावशाली लोगों से जुड़े उम्मीदवारों को नियुक्ति देने की तैयारी की जा रही है। 9 मई 2026 को प्रस्तावित साक्षात्कार को अचानक निरस्त कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभाग में प्रोफेसर पद के लिए डॉ. राजेश कुमार दुबे की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं थीं। जबकि जनवरी 2026 में इसी पद के लिए हुए इंटरव्यू में दस्तावेज परीक्षण के दौरान वे निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरे थे और परिणाम “कोई उपयुक्त अभ्यर्थी नहीं मिला” घोषित किया गया था। इसके बाद दोबारा प्रक्रिया शुरू होने से सवाल खड़े हो गए।
दूसरे यूनिवर्सिटी में कुलपति का पद मिले, इसलिए झोंक रहे ताकत…..
छात्रों ने कलेक्टर से शिकायत कर आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन यूजीसी मानकों की अनदेखी कर पक्षपातपूर्ण नियुक्तियां करने की तैयारी में है। साथ ही संघ और सत्ता-संगठन से जुड़े लोगों के करीबियों को लाभ पहुंचाने की चर्चाएं भी तेज हैं, ताकि दूसरे यूनिवर्सिटी में उन्हें कुलपति का पद मिल सके। कुलपति चक्रवाल के कार्यकाल में हुई कई नियुक्तियां पहले भी विवादों में रही हैं। आरोप है कि विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों के रिश्तेदारों को नौकरी दी गई। छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
विश्वविद्यालय में संभावित नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं तेज…..
विश्वविद्यालय में संभावित नियुक्तियों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सूत्रों के अनुसार, बॉटनी विभाग की सहायक प्राध्यापक एस. श्वेता के पति संदीप कौशिक के रूरल टेक्नोलॉजी विभाग में प्रोफेसर पद पर नियुक्त होने की चर्चा है। वहीं, जूलॉजी विभाग की प्रोफेसर सीमा राय के पति एवं टीपीओ प्रेम नाथ कमलेश के डिप्टी रजिस्ट्रार बनने की संभावना जताई जा रही है। फिजिकल एजुकेशन विभाग के महेश ढपोल, हिन्दी विभाग के रमेश गोहे, सोशल वर्क विभाग के सागर राजपूत व प्रवीणा राजपूत सहित अन्य कर्मचारियों के परिजनों के नाम भी नियुक्तियों को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं।
कुलपति चक्रवाल के कार्यकाल की इन नियुक्तियों पर उठे हैं सवाल……
01. डॉ. मुरली मनोहर सिंह (सहायक प्राध्यापक, हिंदी विभाग) की पत्नी डॉ. प्रियंका सिंह (सहायक प्राध्यापक) और रिश्तेदार डॉ. संजय पटेल (सह प्राध्यापक, कॉमर्स विभाग) में हैं। 02. बॉबी पाण्डेय (सह प्राध्यापक, मैनेजमेंट) के पति प्रो. संजय पाण्डेय विश्वविद्यालय में पदस्थ हैं। 03. स्टोर के ओएसडी डॉ. गणेश शुक्ला की पत्नी प्रीति शुक्ला, टेक्निकल ऑफिसर के पद पर एचआरडीसी में पदस्थ। 04. डॉ. प्रेमशंकर द्विवेदी (सहायक प्राध्यापक, मैनेजमेंट विभाग) की पत्नी आर्ची वर्मा, सेक्शन ऑफिसर के पद पर एचआरडीसी में पदस्थ। 05. शिक्षा विभाग में सहायक प्राध्यापक मीना कुमारी पाल का भाई राजा राम पाल वीसी ऑफिस में पदस्थ। 06. गोपनीय शाखा से सेवानिवृत्त कर्मचारी केके भोई की बेटी नेहा भार्गव विकास विभाग में पदस्थ। 07. यूडीसी राजेश बत्रा का बेटा यश बत्रा अकादमिक शाखा में असिस्टेंट। 08. सहायक कुलसचिव अभयदीप तिवारी की रिश्तेदार शिवानी तिवारी सेक्शन ऑफिसर। 09. वीसी बंगले में पदस्थ रसोइया मनोज उपाध्याय की बेटी रूपाली उपाध्याय, एलडीसी प्रशासन। 10. फाइनेंस विभाग के श्रीकांत कड़ेकर का बेटा प्रणय कड़ेकर, परीक्षा विभाग में क्लर्क। 11.ऑडिट ऑफिस के असिस्टेंट दिलीप गुप्ता का बेटा सत्यम गुप्ता यूडीसी। 12. प्यून गणेश प्रसाद यादव का बेटा विजय यादव बना क्लर्क। 13. परीक्षा विभाग के सेक्शन ऑफिसर रहे रिटायर्ड के.के. तिवारी की बेटी श्रद्धा तिवारी, बनी लैब असिस्टेंट। 14. तुलवाराम सिदार का बेटा नरेन्द्र सिंह सिदार स्टोर सेक्शन में एलडीसी। 15. दैनिक वेतनभोगी महावीर यादव का बेटा सुरेश यादव एचआरडीसी में पदस्थ। 16. इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में सहायक प्राध्यापक अनुराग सिंह की पत्नी प्रथा सिंह लैब असिस्टेंट। 17. लाइब्रेरी में कार्यरत राधेश्याम ठाकुर की बेटी ज्योति ठाकुर नियुक्त।