बिलासपुर के संबलपुरी ओवर ब्रिज पर भीषण हादसा, ट्रेलर में लगी आग..बिहार के चालक की जिंदा जलकर मौत!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) संबलपुरी ओवर ब्रिज पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कोयले से लदा एक ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर ने तुरंत आग पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग लगने के कारण चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रेलर के भीतर ही फंस गया। इस हादसे में चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद पहुंची टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।


















