पेंड्रा वन क्षेत्र में चीतल का शिकार; फसल चरने आए हिरण को घेरकर मारा, दो आरोपी गिरफ्तार!

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: (प्रांशु क्षत्रिय) पेंड्रा वन परिक्षेत्र के ग्राम अमारु के डोंगरीटोला में चीतल (हिरण) के शिकार का मामला सामने आया है। खेत में फसल चरने आए एक वयस्क चीतल को ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से चीतल का कटा हुआ सींग भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, अमारु बीट क्षेत्र में एक वयस्क चीतल हरे-भरे खेतों की ओर आ गया था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और उसका शिकार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया और एक विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। दबिश के दौरान आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तुलाराम गोंड को मौके से ही हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में शिकार की पुष्टि हुई और घटनास्थल से वन्यजीव के अवशेष बरामद किए गए। हालांकि, चीतल का सींग मौके से गायब था, जिसे लेकर वन विभाग ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी। मंगलवार शाम को दूसरे आरोपी रैन सिंह गोंड को भी पकड़ लिया गया। कड़ी पूछताछ के बाद उसके पास से चीतल का कटा हुआ सींग बरामद किया गया। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही इस घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश और जांच जारी है।
