10 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या: भाई की डांट से आहत होकर उठाया खौफनाक कदम!

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश नगर वार्ड-5 से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 10 वर्षीय बच्ची गुरप्रीत कौर ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार 19 मार्च की शाम बच्ची का अपने बड़े भाई से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। भाई की डांट से आहत होकर चौथी कक्षा में पढ़ने वाली गुरप्रीत अपने कमरे में चली गई और वहां आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। पिता पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि मां ब्यूटी पार्लर गई हुई थीं। कुछ समय बाद शोर सुनकर पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को तुरंत भिलाई स्थित बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका स्वामी आत्मानंद स्कूल, जामुल की छात्रा थी। शुक्रवार को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
