BilaspurChhattisgarhRaftaar News Cg

कोटा; “यहां रहा तो जी नहीं पाऊंगा”..मां को लिखा संदेश और सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र संदिग्ध गायब..7 दिन बाद मीडिया में आई बात, पुलिस के हाथ खाली..मामला दबाने की थी साजिश..प्रबन्धन पर लापरवाही का परिजनों ने लगाया आरोप, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय के हॉस्टल से एक 19 वर्षीय छात्र के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले में परिजनों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के कई दिनों बाद भी स्पष्ट जानकारी और जरूरी साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराए जाने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। न्याय की गुहार लगाते हुए परिजन गुरुवार को बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंच गए। मिली जानकारी के अनुसार बिहार के गया जिले के महावीर कॉलोनी संगम चौक निवासी अमरेंद्र कुमार का पुत्र रोहित कुमार (19) कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा तृतीय सेमेस्टर का छात्र है और विश्वविद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक रोहित 5 मार्च 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिवार को इसकी जानकारी 6 मार्च की रात करीब 10:30 बजे दी, जबकि घटना इससे पहले की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने समय रहते सूचना नहीं दी और मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिवार जब विश्वविद्यालय पहुंचा तो उन्हें पता चला कि रोहित का अपने सहपाठी पंकज के साथ करीब 5 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र की उपस्थिति और अनुपस्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से बच रहा है। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी परिवार को नहीं दिखाई जा रही है, जिससे मामले में लापरवाही या सच्चाई छिपाने की आशंका और गहरा गई है। परिवार ने यह भी संदेह जताया है कि 5 मार्च के उपस्थिति रजिस्टर में रोहित के नाम के सामने किए गए हस्ताक्षर फर्जी हो सकते हैं। उन्होंने हस्तलेखन की जांच कराने की मांग की है। साथ ही छात्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की भी मांग उठाई है। परिजनों के मुताबिक रोहित का मोबाइल फोन उसके हॉस्टल रूम में ही था और उसके मोबाइल फोन से उसकी मां के नाम से एक संदिग्ध संदेश भेजा गया, जिसमें उसके स्वेच्छा से कहीं जाने की बात कही गई थी और साथ ही यह भी लिखा था कि यहां रहूंगा तो जी नहीं पाऊंगा। हालांकि तकनीकी कारणों से रोहित की मां तक यह संदेश नहीं पहुंच पाया, जिससे परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी है। इन तमाम सवालों के बीच पीड़ित परिवार बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचा और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिवार ने रोहित की गुमशुदगी या संभावित अपहरण का मामला दर्ज कर उसके सहपाठी पंकज सहित अन्य से कड़ी पूछताछ करने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन और हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना हैं…..

कोटा थाना पुलिस के अनुसार 7 मार्च को गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक रोहित कुमार 6 मार्च को शाम करीब 4 बजे छात्रावास से लापता हुआ है। छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जांच के दौरान छात्रावास के कमरे से एक मोबाइल फोन (बिना सिम), ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित नोट्स वाला एक पेज तथा एक नोटबुक बरामद हुई है। नोटबुक में करीब 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज मिला है। पुलिस के अनुसार रोहित ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग में सक्रिय था और कई लोगों से पैसों का लेन-देन करता था। मोबाइल से उसकी मां के नाम एक संदेश भेजे जाने की भी जानकारी मिली है, हालांकि वह संदेश डिलीवर नहीं हुआ। बैंक खातों की जांच में करीब 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं, जिनमें विभिन्न लोगों और ऐप्स के माध्यम से पैसे लेने और देने की जानकारी मिली है। पुलिस ने छात्रावास के छात्रों, मित्रों और परिचितों से पूछताछ की है तथा मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप सहित आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक तलाश की गई है। वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और परिजनों को भी जांच की प्रगति से अवगत कराया जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को रोहित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।

YOUTUBE RAFTAAR NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Latest
रायपुर से लगे मंदिर हसौद का मामला; महानदी किनारे रेत में दफन मिला शव, पानी के विवाद में युवक की हत्य... प्रेम प्रसंग से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान: गर्लफ्रेंड की दूसरी जगह शादी होने से था आहत, मौके... बिलासपुर; तेज रफ्तार बस ने ली जान: एडिशनल एसपी संजय महादेवा के चाचा की सड़क हादसे में मौत...बाइक के ... नाश्ते के पैसों को लेकर विवाद; मितानिन की ब्लेड से गला रेतकर हत्या...बीच-बचाव में आए पिता और बेटे पर... रजही डैम में डूबने से प्रयास स्कूल के छात्र की मौत...दोस्तों के साथ नहाने गया था, 7 घंटे बाद मिला शव... जंगल में मिली 17 वर्षीय युवक की लाश; शरीर पर मिले चोट के निशान, डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस जांच तेज... बिलासपुर में खाकी दागदार; घूस लेते वीडियो वायरल होने के बाद सरकंडा थाने का प्रधान आरक्षक सस्पेंड! सीपत; नाबालिग से शादी कर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार..पुलिस ने भेजा जेल! सीपत में धर्मांतरण के आरोप में तीन गिरफ्तार..चंगाई सभा में 'प्रलोभन' देकर धर्म परिवर्तन का खेल उजागर... Rफ्तार न्यूज की खबर का ताबड़तोड़ असर; कोनी थाने में कबाड़ माफिया की खातिरदारी करने वाले पुलिसकर्मियो...