घासीपुर के पास सड़क हादसा: 25 वर्षीय युवक की मौत…आरोपी चालक की तलाश!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) घासीपुर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो रतनपुर स्थित अग्रवाल क्लॉथ स्टोर में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय कुमार पिछले दो दिनों से अस्वस्थ होने के कारण काम पर नहीं जा रहा था। वह इलाज के लिए रतनपुर आया हुआ था और उपचार के बाद वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान घासीपुर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के उपाय बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
