महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर……

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कोर्ट के आदेश पर मकान खाली कराने पहुंची पुलिस और कोर्ट स्टाफ के सामने एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की पहचान शबाना निशा उर्फ रानी (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पचरीपारा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक और किराएदार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि शबाना चाहती थी कि जिस मकान में वह रह रही है, उसे मकान मालिक बेच दे ताकि वह वहीं रह सके, लेकिन मालिक इसके लिए तैयार नहीं हुआ। मामला कोर्ट तक पहुंचा और जिला न्यायालय के आदेश के बाद घर खाली कराने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान शबाना ने आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में वह करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गई। गंभीर हालत में उसे रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (DKS) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि शबाना निशा कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई थीं और पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।


















