तपती दोपहर में राहत की पहल: बिलासपुर में दोपहर 12 से बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल..SSP के निर्देश पर भीषण गर्मी से आमजन को राहत देने ट्रैफिक विभाग की नई व्यवस्था, पढ़िए पूरी खबर……


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) संपूर्ण छत्तीसगढ़ समेत बिलासपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। चिलचिलाती धूप के बीच ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े रहना आमजन के लिए बेहद कष्टप्रद साबित हो रहा है। इसी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर शहरवासियों को राहत देने की एक संवेदनशील पहल की गई है। इसके तहत अब बिलासपुर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रहेंगे। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने जानकारी देते हुए बताया कि SSP के निर्देशानुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। हालांकि सिग्नल बंद रहने की स्थिति में भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान चौराहों पर तैनात रहेंगे। किसी भी परिस्थिति में यदि यातायात अव्यवस्थित होता है या जाम की स्थिति बनती है, तो संबंधित सिग्नल को तत्काल पुनः चालू कर दिया जाएगा।
ट्रैफिक जवानों को मिल रही विशेष सुविधा……
सिर्फ आमजन को ही नहीं, बल्कि इस चिलचिलाती गर्मी में चौक-चौराहों पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक जवानों की भी चिंता की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने बताया कि ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक जवानों को “छाया युक्त छतरियां” उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे वे धूप से बचते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी मुस्तैदी से निर्वहन कर सकें।
यातायात पुलिस की अपील– नियमों का करें पालन…….
बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि जिन चौकों पर सिग्नल बंद रहेंगे, वहां यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। अपनी गाड़ियों की गति धीमी रखें और सुरक्षित तरीके से चौराहे पार करें। यह व्यवस्था गर्मी से राहत के लिए की गई है, लेकिन यातायात की सुव्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।


