रेलवे स्टेशन में दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत…..

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) राजधानी के तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन परिसर में खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को छू बैठा। तेज करंट लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
