बिलासपुर; कोटा मार्ग पर पलटी यात्री बस, 6 घायल, दो की हालत गंभीर…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोटा मार्ग पर ग्राम खपराखोल के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे, जिनमें से छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जुनेजा बस (क्रमांक CG 16 H 0109) बिलासपुर से सेमरिया (लोरमी) की ओर जा रही थी। बस में बैठे यात्री चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। खपराखोल के पास पहुंचते ही अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अब्दुल हसीम (35 वर्ष) और जरीन खान (17 वर्ष) की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुंगेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही जूना पारा चौकी प्रभारी संजीव ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
