बिलासपुर; पुलिस ने किराना दुकान चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर थाना क्षेत्र में किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जरौंधा निवासी राजेश कुमार साहू की साहू किराना दुकान में 25 दिसंबर की रात चोरी हुई थी। अज्ञात चोर ने दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पान मसाला, सिगरेट व बीड़ी के 45 से 50 पैकेट चुरा ले गया था। शिकायत मिलते ही तखतपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम अमने निवासी बुधराम जगत को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का बचा हुआ सामान, जिसमें गुटखा, बीड़ी और सिगरेट शामिल हैं, करीब 5 हजार रुपये मूल्य का माल बरामद किया। आरोपी ने बताया कि कुछ सामान उसने शनिचरी बिलासपुर में बेच दिया था। पुलिस ने पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
