कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह रायपुर लाया गया, कोर्ट में होगी पेशी……

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह अब छत्तीसगढ़ पुलिस की गिरफ्त में है। ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड से लाई गई पुलिस टीम करीब 14 घंटे के सफर के बाद मंगलवार रात रायपुर पहुंची। इस दौरान दोनों राज्यों के लगभग 15 पुलिस अधिकारी सुरक्षा में तैनात रहे। रायपुर पहुंचते ही मयंक सिंह से ACCU क्राइम ब्रांच कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों ने पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उसे जल्द ही रायपुर कोर्ट में पेश करेगी। मयंक सिंह का नाम जुलाई 2024 में कोयला और कंस्ट्रक्शन कारोबारी प्रहलाद राय व PRA ग्रुप के कार्यालय पर हुई फायरिंग में सामने आया था। इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें बाइक सवार बदमाश फायरिंग करते नजर आया था। पुलिस के अनुसार, मयंक सिंह पर हत्या, रंगदारी, धमकी और फायरिंग सहित 45 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह डंकी रूट के जरिए विदेश भागा था और अमेरिका से अपना गैंग चला रहा था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में उसके नेटवर्क और अन्य बड़े अपराधियों से जुड़े अहम खुलासे होंगे।
