रेलवे स्टेशन में मानव तस्करी का भंडाफोड़, 6 नाबालिग बच्चे सुरक्षित बरामद, आरोपी गिरफ्तार……

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी का मामला उजागर हुआ। रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, चाइल्ड हेल्पलाइन और बीबीए की संयुक्त टीम ने हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस में दबिश देकर 6 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। सभी बच्चे 12 से 16 साल के हैं और कोलकाता के रहने वाले बताए गए हैं। टीम को सूचना मिली थी कि एक तस्कर बच्चों को हावड़ा से मुंबई ले जा रहा है। इसके बाद ट्रेन की एस-3 बोगी में कार्रवाई की गई, जहां से बच्चे मिले। मौके से एक आरोपी फिरोज अली मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार आरोपी बच्चों को मुंबई के एक होटल में काम पर लगाने के लिए ले जा रहा था। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। बरामद बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है।
