बिलासपुर में मिर्च पाउडर डालकर लुट की कोशिश..हुई नाकाम..पेट्रोल पंप मैनेजर ने दिखाया साहस!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तोरवा थाना क्षेत्र के ढेंका पेपर मिल के पास सोमवार रात पेट्रोल पंप मैनेजर से लूट का प्रयास विफल हो गया। बाइक से घर लौट रहे मैनेजर की आंखों में बदमाशों ने मिर्ची पाउडर झोंककर रकम लूटने की कोशिश की, लेकिन मैनेजर की बहादुरी और सतर्कता के चलते आरोपी वारदात को अंजाम देने में असफल रहे और मौके से भाग निकले। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ढेंका स्थित राहुल पेट्रोल पंप के मैनेजर रोशन साहू (50 वर्ष) दिनभर की बिक्री की रकम लेकर मालिक के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक बाइक सवार ने अचानक उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। तेज जलन के बावजूद उन्होंने बाइक सड़क किनारे रोकी और खुद को संभालने की कोशिश की। तभी दो युवक उनकी ओर लपके, लेकिन मैनेजर ने धुंधली नजर के बीच ही डटकर मुकाबला किया। मुख्य सड़क पर हो रहा विवाद देखकर राहगीर मौके की ओर बढ़ने लगे। लोगों को आता देख आरोपी घबरा गए और बिना कुछ लूटे ही अपनी बाइक से फरार हो गए। इसके बाद मैनेजर ने आसपास के लोगों की मदद से बस्ती पहुंचकर घटना की सूचना पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को दी। सूत्रों के अनुसार मैनेजर लगभग 15 लाख रुपये की नगदी लेकर जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश कई दिनों से मैनेजर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और वारदात की योजनाबद्ध तैयारी कर रहे थे। वर्तमान में तोरवा पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है, आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ा जाएगा।
