बिलासपुर में अवैध निर्माणों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पार्षद पति समेत कई के निर्माण ढहे….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नगर निगम ने मंगलवार को शहरभर में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए कई बड़ी कार्रवाई की। उसलापुर, जूना बिलासपुर और साईं नगर क्षेत्र में निगम की टीम ने अवैध रूप से बने भवनों को या तो ध्वस्त किया या सील कर दिया। सबसे बड़ी कार्रवाई उसलापुर के हंसिका विहार में पार्षद पति किरण राजेंद्र टंडन के निर्माण स्थल पर हुई। जांच में पाया गया कि निर्माणाधीन मकान शासकीय भूमि पर बनाया जा रहा था। नगर निगम के सब इंजीनियर जुगल सिंह ने बताया कि तहसील की जांच रिपोर्ट में भी यह पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने बुलडोजर चलाकर पूरे अवैध निर्माण को ढहा दिया। इसी तरह उसलापुर में ही महेश जांगड़े द्वारा बिना ले-आउट और डायवर्सन के की जा रही अवैध प्लॉटिंग और दोमंजिला मकान के निर्माण को निगम की टीम ने ध्वस्त किया। वहीं जूना बिलासपुर में हेमा भगतानी द्वारा बिना नक्शा पास कराए बनाई गई चार मंजिला इमारत की शिकायत पर दो वर्षों से लगातार पांच नोटिस जारी किए गए थे। बिल्डिंग ऑफिसर अनुपम तिवारी ने बताया कि उचित जवाब न देने के कारण मंगलवार को पूरी इमारत, जिसमें चार दुकानें भी शामिल हैं, को सील कर दिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माणों पर लगाम लगाने के लिए जोन स्तर पर अब तक करीब 500 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
