तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचला, 15 साल की नाबालिग लड़की कर रही थी ड्राइविंग, तीनों की मौके पर मौत….

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 15 साल की नाबालिग लड़की ने तेज रफ्तार कार से तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में पैदल जा रही महिला और दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें सफेद रंग की कार बेकाबू होकर लोगों को टक्कर मारते दिख रही है। जानकारी के मुताबिक मृतकों में ललिता मिंज (35), मोहन पटेल (33) और अमित किंडो (26) शामिल हैं। हादसा ग्राम खम्हा के चाल्हा चौक के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार रॉन्ग साइड से आ रही थी और काफी तेज रफ्तार में थी। सबसे पहले महिला को टक्कर मारी, फिर आगे चल रहे बाइक सवारों को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला और बाइक सवारों को मौके पर ही जान गंवानी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार रुकने के बाद उसमें से एक लड़की और दो युवक उतरे और वहां से भाग निकले। पुलिस जांच में सामने आया कि कार चला रही किशोरी नाबालिग थी। कार उसके पिता घनश्याम महिलाने (47) के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने लड़की और उसके पिता दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
