बिलासपुर; एनीकट में डूबने से रेलकर्मी की मौत, बचाने गया साला तेज बहाव में बहा, SDRF की तलाश जारी…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बिल्हा थाना क्षेत्र के चुराघाट एनीकट में रविवार को नहाने गए रेल कर्मचारी की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष राम नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका साला अनुज कुमार नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी तेज बहाव में बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बिल्हा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद संतोष राम का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अनुज कुमार की तलाश अब भी जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नदी में पानी का बहाव बहुत तेज है और संभावना है कि अनुज का शव धारा में आगे बह गया हो। SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार और गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण भी पुलिस और बचाव टीम की मदद से अनुज की तलाश में जुटे हुए हैं।


















