गाली देने पर दोस्तों ने युवक को उतारा मौत के घाट, शराब पिलाने के बहाने बुलाकर गला घोंटा, फिर पत्थर से कुचल डाला……

धमतरी: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र में एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली गाली-गलौज के विवाद में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने साथी को मौत के घाट उतार दिया। पहले गला घोंटा, फिर पुल के नीचे फेंका और जब देखा कि वह जिंदा है, तो सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 26 वर्षीय मनीष कुमार मिथलेश निवासी करगा गांव के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने होमेश कुमार साहू (19), चाहत यादव (19) और मनीष कुमार साहू (21) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात आरोपी होमेश कुमार साहू अपने दोस्त चाहत यादव के साथ मनीष को शराब पिलाने के बहाने चटौद-करगा नाला पुल के पास लेकर गया था। शराब पीते समय मनीष ने होमेश को उसकी मां और बहन को लेकर गालियां दीं। इससे दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में होमेश ने अपने गमछे से मनीष का गला दबाया। इसके बाद चाहत यादव और मनीष साहू ने भी साथ दिया। जब मनीष बेहोश हो गया, तो तीनों ने उसे पुल के नीचे फेंक दिया। कुछ देर बाद देखा कि वह अभी भी जिंदा है, तो पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। तीनों आरोपियों ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि मनीष के चेहरे की पहचान करना भी मुश्किल था। आरोपी वारदात के बाद मनीष का मोबाइल और बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। अगले दिन यानी 22 अक्टूबर को ग्रामीणों ने पुल के नीचे शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल सर्विलांस के जरिए मृतक के संपर्कों की जानकारी निकाली। इसमें सामने आया कि हत्या से पहले वह आखिरी बार होमेश साहू के साथ था। जब पुलिस ने होमेश को पकड़ा और पूछताछ की तो उसने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खून लगे कपड़े, गमछा और मृतक का मोबाइल नष्ट करने की कोशिश की थी। पुलिस ने एफएसएल और साइबर टीम की मदद से सबूत इकट्ठा किए और तीनों को गिरफ्तार किया। धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि मामूली गाली-गलौज की वजह से तीन दोस्तों ने मिलकर अपने साथी की जान ले ली। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
