सोनी ज्वेलर्स की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, 6 लाख रुपये के गहने बरामद, नाबालिग मास्टरमाइंड सहित दो गिरफ्तार…..

खैरागढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के छुईखदान में बीते 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात हुई सोनी ज्वेलर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक नाबालिग मास्टरमाइंड और उसके साथी प्रह्लाद निषाद, निवासी कंडरापारा छुईखदान को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात बरामद किए। दुकान संचालक परमेश्वर राम सोनी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना कबूल कर लिया। चोरी के बाद गहनों को गांव में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद किया। बरामद सामान में पायल, कड़ा, बिछिया, बाजूबंद, करधन, चांदी के सिक्के, लाकेट और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ शामिल हैं, जिनका वजन करीब 4 किलो और मूल्य लगभग 6 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने बताया कि इस चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
