मां-बेटी की लाश मिलने से सनसनी, मजीठा बांध में तैरते मिले शव, पुलिस जांच में जुटी…..

बलरामपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के महुली गिनवा पारा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के पास स्थित मजीठा बांध में एक मां और उसकी बेटी का शव तैरता हुआ मिला। यह दिल दहला देने वाली घटना त्रिकुंडा थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान अंकिता पंडो और उसकी बेटी खुशबू के रूप में हुई है। दोनों शुक्रवार रात तक घर पर मौजूद थीं, लेकिन शनिवार सुबह से लापता थीं। परिजनों ने खोजबीन के बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार सुबह अंकिता के पति ने जब घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित मजीठा बांध की ओर देखा, तो तालाब में दोनों के शव तैरते हुए दिखाई दिए। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी पारिवारिक विवाद या आत्महत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
