खेलते-खेलते तालाब में डूबा डेढ़ साल का मासूम यांश, गांव में छाया मातम…….

सक्ती: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरघट्टी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते-खेलते डेढ़ साल के मासूम यांश यादव की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह यांश की मां घर पर खाना बनाने में व्यस्त थी। इस दौरान मासूम घर के बाहर बिल्ली के साथ खेलते-खेलते पास स्थित लेवा तालाब की ओर चला गया। कुछ देर बाद जब बच्चा नजर नहीं आया तो मां ने घबराकर खोजबीन शुरू की। परिवार और गांववालों ने आसपास तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। बाद में ग्रामीणों ने डंडे की मदद से तालाब में खोजबीन की, तभी पानी में कपड़ा तैरता हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखा गया तो मासूम यांश तालाब में डूबा मिला। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के पेट और फेफड़ों में पानी भर जाने से उसकी मौत हुई। पेट का पानी निकाल दिया गया, लेकिन फेफड़ों में भरा पानी नहीं निकाला जा सका। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। डभरा पुलिस ने मामले में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
