सीपत; बस से गिरकर युवक की मौत..षष्ठी कार्यक्रम में जा रहा था परिवार सहित, पुलिस जुटी जांच में!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में बस से गिरकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर नवापारा निवासी परकेस पटेल उम्र 23 वर्ष पिता अशोक पटेल अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बस क्रमांक सीजी 04 ई 0800 में सवार होकर ग्राम कूकदा में आयोजित षष्ठी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे जब बस ग्राम गुड़ी के पास पहुंची, उस समय परकेस बस के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गया और बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय युवक नशे की हालत में था। सूचना मिलने पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
