तालाब में डूबे दो मासूम, चचेरे भाइयों की मौत से गांव में मातम, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला!

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा सोरम सिंघी गांव में हुआ, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतक दोनों बच्चे आपस में चचेरे भाई थे। मिली जानकारी के अनुसार 7 वर्षीय दुष्यंत निषाद और 8 वर्षीय द्रोण निषाद मंगलवार को स्कूल से लौटने के बाद गांव के 8-10 बच्चों के साथ तालाब में नहाने गए थे। नहाते वक्त दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। अन्य बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा भेज दिए गए हैं। परिजन घटना के बाद से बेसुध हैं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
