हसदेव नदी में बड़ा हादसा…पिकनिक मनाने आए 5 युवक-युवतियां डूबे, 2 को निकाला गया, 3 लापता….

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हसदेव नदी में नहाने उतरे 5 युवक-युवतियां तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक और एक युवती को बचा लिया गया है, जबकि 2 युवक और 1 युवती अब भी लापता हैं। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से 3 युवक और 2 युवतियां पिकनिक मनाने के लिए देवरी गांव पहुंचे थे। शाम करीब 6 बजे सभी लोग नदी में नहाने के लिए उतरे। इस दौरान हल्का अंधेरा होने की वजह से उन्हें गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं हो सका और सभी डूबने लगे। नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पानी में कूदकर बचाने की कोशिश की। इसमें वे सिर्फ एक युवती और एक युवक को बाहर निकाल पाए। बाकी तीन लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही पंतोरा चौकी पुलिस और गोताखोर दल मौके पर पहुंचे। ASP उमेश कश्यप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात का अंधेरा और नदी की गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा बन रही है। इसके बावजूद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार लापता लोगों की तलाश कर रही है।
