मां को गाली देने पर दोस्त ने गमछे से गला घोंटकर कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार…..

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में मामूली विवाद इतना बढ़ा कि एक व्यक्ति ने अपने ही साथी की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, कुंजेमुरा निवासी सुकमन राठिया 46 वर्ष 1 अक्टूबर को मवेशी चराने निकला था, लेकिन घर नहीं लौटा। अगले दिन 2 अक्टूबर की सुबह उसकी लाश डामर प्लांट के पीछे खेत में मिली। मृतक के चेहरे और नाक से खून निकल रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी दशरथ राठिया 47 वर्ष ने कबूल किया कि दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इस दौरान सुकमन ने नशे में उसकी मां को गाली देना शुरू कर दिया। गुस्से में आकर दशरथ ने पहले उसे धक्का दिया, जिससे सुकमन मुंह के बल गिर पड़ा और उसके चेहरे व नाक से खून निकलने लगा। इसके बाद दशरथ ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और वहां से चला गया। घटना की जांच में तमनार थाना प्रभारी कमला पुशाम के नेतृत्व में पुलिस डॉग और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। शक के आधार पर कई लोगों को लाइन में खड़ा किया गया। इस दौरान पुलिस डॉग “रूबी” सीधे आरोपी दशरथ राठिया के पास जाकर रुकी और उसके हाथ को पकड़ लिया। कई बार की गई जांच में भी डॉग ने दशरथ को ही डिटेक्ट किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दशरथ राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
