सीपत; दर्दनाक सड़क हादसा..तेज रफ्तार कार ने छीनी सिक्यूरिटी गार्ड की जिंदगी!

सीपत: (प्रांशु क्षत्रिय) बुधवार सुबह सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पंधी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम जुहली निवासी पिरित दास महंत की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिरित दास महंत पिछले पांच वर्षों से बिलासपुर के आकाश कोचिंग सेंटर, सीएमडी चौक में सिक्यूरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। रोजाना की तरह वह सुबह करीब 8 बजे अपनी पल्सर बाइक क्रमांक CG 10 EL 9538 से घर से निकला था। करीब 8:30 बजे जब वह ग्राम पंधी स्थित मनोकामना राइस मिल के आगे हनी ढाबा के पास पहुंचा, तभी बिलासपुर की ओर से आ रही सफेद कार क्रमांक CG 10 U 6353 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिरित दास महंत बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
