बिलासपुर; बीच सड़क पर कॉलेज छात्र की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू चौक स्थित राजेंद्र नगर स्कूल के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कॉलेज छात्र को बीच सड़क पर पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले के अनुसार, आरोपी युवक को शक था कि छात्र उसकी बहन से दोस्ती कर रहा है। इसी शक के चलते उसने छात्र पर गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर बेल्ट निकालकर उसे मारना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बीच सड़क पर हो रही मारपीट के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान किसी ने पूरी पिटाई का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े करती है।
