हाथी के हमले से महिला की मौत, ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप….

जशपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के जंगलों में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। ताजा मामला कुनकुरी विकासखंड के कुड़ुकेला जंगलपारा का है, जहां शनिवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मृतका 44 वर्षीय ज्योति मिंज सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में जंगली मशरूम बीनने गई थीं। मशरूम लेकर लौटते वक्त अचानक एक भटका हुआ हाथी वहां पहुंच गया और उस पर हमला कर दिया। हाथी ने पैरों से कुचलकर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह घायल महिला को कुनकुरी के हॉलीक्रॉस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान ज्योति ने दम तोड़ दिया। घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग पर फूट पड़ा। उनका आरोप है कि हाथियों की मौजूदगी की पूर्व जानकारी ग्रामीणों तक नहीं पहुंचाई गई और न ही मुनादी कराई गई, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को लेकर वन विभाग प्रभावी कदम उठाए।
