शादी के तीन माह बाद पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप….

कोंडागांव: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज तीन महीने बाद हुई इस घटना ने मायके पक्ष को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, माकड़ी विकासखंड के मीरमिंडा गांव निवासी रुचिता नायक (26) की शादी 2 जून 2025 को राधेश्याम चौहान (31) से हुई थी। 18 सितंबर को रुचिता की संदिग्ध मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति का किसी दूसरी युवती से संबंध था। वह पत्नी से दूरी बनाकर रखता था और अक्सर रात को उस युवती के घर रुकता था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था। मृतका की बहन रेणुका नायक ने बताया कि रुचिता कई बार उनसे अपनी परेशानी साझा करती थी। उसका कहना था कि पति न तो उससे ठीक से बात करता था और न ही समय देता था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष को भी इस संबंध के बारे में पता था, बावजूद इसके शादी करवाई गई। यहां तक कि पति राधेश्याम उस युवती की पढ़ाई का खर्च भी उठाता था। मायके वालों ने बताया कि घटना वाले दिन ससुराल से फोन आया कि रुचिता को अटैक आया है और जिला अस्पताल ले जाया गया है। जब परिजन पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई और थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी शशि भूषण पटेल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम जांच की जा रही है और न्यायिक जांच के लिए भी पत्र लिखा गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
