तखतपुर: पक्की छत सबके लिए सर्वे पखवाड़ा जोरों पर..हर पात्र को पक्की छत दिलाने तखतपुर में तेज़ हुआ सर्वे अभियान, घर-घर पहुंचीं जनपद अध्यक्ष वस्त्रकार, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने का अभियान अब और तेज़ कर दिया गया है। इसी कड़ी में तखतपुर जनपद अध्यक्ष माधवी संतोष वस्त्रकार ने ग्राम भरनी का दौरा कर हितग्राहियों के ऑनलाइन आवेदन खुद भरवाए और लोगों को योजना का लाभ उठाने की अपील की। जिले में 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष सर्वेक्षण पखवाड़ा चलाया जा रहा है, जिसमें स्थायी प्रतीक्षा सूची और आवास प्लस में छूटे पात्र परिवारों की पहचान की जा रही है।

यह सर्वे ‘आवास प्लस 2.0’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतीकात्मक सर्वेक्षण से की गई थी। जनपद अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार ने ग्राम भरनी में हितग्राहियों से मिलकर उनके आवेदन भरवाए और कहा कि 30 अप्रैल तक सभी पात्र हितग्राही अपना पंजीयन अवश्य करवा लें। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक तखतपुर में लगभग 11,400 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और उनका लक्ष्य 14,000 आवासों तक पहुंचने का है। उन्होंने ग्राम भरनी और पेंडारी में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। पात्र हितग्राही ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक या आवास मित्र से संपर्क कर सकते हैं, अथवा स्वयं भी मोबाइल एप डाउनलोड कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।



















