5 लाख रुपये ईनामी महिला माओवादी बूस्की नुप्पों ढेर, भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद…..

सुकमा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये ईनामी महिला माओवादी बूस्की नुप्पों मारी गई। यह मुठभेड़ 18 सितंबर को थाना गादीरास क्षेत्र के गुफड़ी एवं पेरमापारा के मध्य जंगल पहाड़ी इलाके में हुई। पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण के अनुसार, माओवादी गतिविधियों की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान डीआरजी टीम और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में बूस्की नुप्पों (35 वर्ष, निवासी रेवाली, थाना अरनपुर, जिला दंतेवाड़ा) मारी गई। वह मलांगीर एरिया कमेटी की सदस्य थी और शासन द्वारा घोषित 5 लाख रुपये के ईनाम की माओवादी थी। बूस्की नुप्पों सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में 9 गंभीर मामलों में वांटेड थी। मुठभेड़ स्थल से 315 बोर रायफल, कारतूस, वायरलेस सेट, डेटोनेटर, कोर्डेक्स वायर, जिलेटिन रॉड समेत अन्य नक्सली सामग्री बरामद हुई। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने माओवादी कैडरों से अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग त्याग कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाते हुए मुख्यधारा से जुड़ें।
