तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, ससुर-दामाद की मौके पर दर्दनाक मौत…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) बलरामपुर जिले में गुरुवार दोपहर मोरन चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ससुर गिरजा शंकर पटेल (65) और दामाद संतोष पटेल (48) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक पर सवार होकर वाड्रफनगर जा रहे थे। अंबिकापुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर मोरन चौक से करीब दो किलोमीटर आगे बस्ती के पास वाराणसी की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को हॉस्पिटल में भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोग अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग पर तेज रफ्तार मालवाहक वाहनों से होने वाले लगातार हादसों को लेकर आक्रोश जताए हैं।
