बिलासपुर; गोलबाजार में भीषण आग, चार दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के गोलबाजार इलाके में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। अपना लॉज से सटी चार दुकानों में अचानक आग लग गई। कपड़े, जूते, बैग और ड्रायफ्रूट्स की दुकानें आग की चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा नुकसान कपड़े और जूते की दुकान को हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन धुएं के कारण विजिबिलिटी बेहद कम होने से टीम को दुकान के अंदर घुसने में डेढ़ घंटे से ज्यादा का समय लगा। आखिरकार रात ढाई बजे आग पर काबू पाया गया। आसपास की दुकानों और मकानों में आग फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र को खाली कराया और भीड़ को हटाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुएं का गुबार इतना घना था कि लोग दो मीटर से ज्यादा दूरी तक नहीं देख पा रहे थे। व्यापारियों ने घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। आगजनी का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और प्रशासन इसकी जांच कर रहे हैं। नगर सेना, पुलिस और दमकल विभाग ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

