गणेश विसर्जन से लौट रहे 14 वर्षीय बच्चे की ट्रॉली से गिर कर मौत…..

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम गणेश विसर्जन के बाद सड़क हादसे में एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। महाराजगंज निवासी विशु कुमार प्रजापति (14) अपने पिता जयसिंह प्रजापति (42) के साथ नानी के घर कोदवारी पारा आया हुआ था। दोपहर में गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विशु गांव के अन्य बच्चों और बुजुर्गों के साथ पंकज राठिया के ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर लौट रहा था। जब ट्रॉली कोदवारी पारा हनुमान मंदिर के पास पहुंची, तभी चालक ने लापरवाही से तेज रफ्तार में ट्रैक्टर दौड़ा दिया। इसी दौरान विशु संतुलन खो बैठा और ट्रॉली से नीचे गिर गया। गिरने से बच्चे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पंकज राठिया के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
