मंत्रालय में नौकरी लगाने के नाम पर 70 लाख की ठगी, पुलिस ने पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार….

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले की अंजोरा पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख की ठगी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र भेषराम और रविकांत देशमुख को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका साथी अरुण मेश्राम फरार है। शिकायतकर्ता संतराम देशमुख ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने मंत्रालय में चपरासी की नौकरी के लिए ढाई लाख और बाबू की नौकरी के लिए चार लाख रुपये की दर से रकम वसूली। जांच के दौरान अब तक 12 लोगों से ठगी की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार पिता-पुत्र ने पूछताछ में कबूल किया कि धोखाधड़ी की रकम से उन्होंने ग्राम कुथरेल में 12 लाख रुपये का प्लॉट खरीदा है, जबकि बाकी रकम खर्च कर दी। पुलिस ने प्लॉट की रजिस्ट्री, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी संतोष कुमार साहू और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। मामला अपराध क्रमांक 363/25 धारा 420, 34 भादवि के तहत दर्ज है।
