जादू-टोना के शक में महिला की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार…..

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) कोरिया जिले के जामपारा में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जादू-टोना के शक में युवक ने अपनी पड़ोसी महिला पर गड़ासे से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, जामपारा निवासी पारवतिया बाई पति समयलाल बरगाह (55 वर्ष) मंगलवार तड़के करीब 5:30 बजे खेत की ओर जा रही थी। तभी पड़ोसी युवक प्रकाश राजवाड़े (34 वर्ष) ने घात लगाकर उस पर गड़ासे से चार वार कर दिए। हमले में पारवतिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने जब खेत के पास महिला का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। शव के सिर और कनपटी में गहरे चोट के निशान मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी को मृतका पर जादू-टोना करने का शक था। दरअसल, दो माह पहले आरोपी की चार माह की बच्ची की मौत हो गई थी, जिसके लिए वह पारवतिया बाई को जिम्मेदार मानता था। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने बदले की नीयत से महिला पर हमला किया। बैकुंठपुर कोतवाली थाना प्रभारी विपिन लकड़ा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 103(1) हत्या के तहत मामला दर्ज किया गया है।
