खेत में मिला युवक का शव, पांच दिन से था लापता; गांव में दहशत का माहौल….

गरियाबंद: (प्रांशु क्षत्रिय) छुरा थाना क्षेत्र के जरगांव गांव के कटेलपारा में खेत से एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही 45 वर्षीय गंगाधर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गंगाधर बीते बुधवार को बाजार जाने के बाद से लापता था। परिजनों ने लगातार उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पांच दिन बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ग्रामीणों ने खेत में गंगाधर का शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
