तखतपुर में सनसनी; मंदिर के पुजारी की धारदार हथियार से हत्या, चप्पल और मोबाइल बने सुराग..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रविवार सुबह तखतपुर क्षेत्र के परसाकापा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू उम्र 30 वर्ष का खून से लथपथ शव मंदिर परिसर में मिला। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह 6 बजे रोज की तरह मंदिर पहुंचीं पुजारी की मां ने बेटे की लाश देखी। देखते ही देखते पूरे गांव में सनसनी फैल गई और श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर के बाहर जुट गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि मंदिर में चोरी की नीयत से घुसे बदमाशों ने पुजारी का विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुजारी के दोनों मोबाइल फोन गायब मिले हैं। पुलिस अब उनकी अंतिम लोकेशन खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

चप्पल बनी अहम सुराग……
आरोपियों की जल्दबाजी इतनी थी कि भागते समय अपनी चप्पल वहीं छोड़ गए। पुलिस इन्हीं चप्पलों के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि ग्रामीणों ने चप्पल को पहचानने से इनकार कर दिया है, जिससे आशंका गहराई है कि हमलावर बाहरी हो सकते हैं. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी अर्चना झा और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर ग्रामीणों से बातचीत की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुजारी जागेश्वर पाठक अपने सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उनकी हत्या से पूरा गांव सदमे में है। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
