बैलों की भिड़ंत से मचा हड़कंप, 13 महीने का मासूम समेत चार लोग घायल….

बालोद: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के दल्लीराजहरा में गणेश पंडाल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो बैल आपस में भिड़ते हुए भीड़ के बीच घुस गए। अचानक हुई इस घटना में 13 महीने का मासूम बच्चा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल दल्लीराजहरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में मासूम युगार्थ को आंख के पास गहरी चोट आई है और उसका एक दांत भी टूट गया है। इसके अलावा सौम्या, बसंती बाई और गोकुल ठाकुर भी घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है, लेकिन मासूम की चोट चिंताजनक है। स्थानीय निवासी राकेश देवांगन ने बताया कि गली-मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर मवेशियों का झुंड रोजाना बैठा रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इन मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने और नियंत्रित करने की ठोस योजना बनानी चाहिए। यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब 20 दिन पहले भी दल्लीराजहरा के जैन भवन के पास दो बैल भिड़ गए थे। उस दौरान तीन बाइक सवार उनकी चपेट में आकर घायल हो गए थे, जिनमें से दो को गंभीर हालत में बड़े अस्पताल रेफर करना पड़ा था। लगातार हो रही घटनाओं से लोग दहशत में हैं। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन को मिलकर मवेशियों को नियंत्रित करने की ठोस कार्ययोजना बनानी चाहिए। साथ ही त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की अनचाही घटनाओं को रोका जा सके।
