बिलासपुर; अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई…..

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बिलासपुर उच्च न्यायालय के आदेश और कलेक्टर के निर्देश पर शनिवार को नगर पालिका और प्रशासन की संयुक्त टीम ने चकरभांठा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सुबह 8 बजे से शाम 4.30 बजे तक चले इस अभियान में बोदरी नया पारा चौक से चकरभांठा ब्रिज तक तथा रहंगी मोड़ से हाईकोर्ट आवासीय परिसर तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान फलों–सब्जियों के ठेले, गुमटी, दुकानों के आगे लगाए गए पोस्टर व शेड को जब्त कर लिया गया। वहीं यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अव्यवस्थित वाहनों को लिफ्टर की मदद से उठाकर थाने भेजा गया। अभियान में तहसीलदार संदीप साय, नायब तहसीलदार ओमप्रकाश चंद्रवंशी, थाना प्रभारी उत्तम साहू, सीएमओ भारती साहू सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी–कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
