निजी शोरूम की लिफ्ट से गिरा युवक, 20 दिन बाद अस्पताल में मौत, इकलौता कमाने वाला था, परिवार का रो रो कर बुरा हाल….

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित सरोना के एक निजी शोरूम में लिफ्ट से गिरकर घायल हुए युवक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा 3 अगस्त की शाम करीब 4 बजे हुआ था। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय राज शोरूम में काम करता था। हादसे वाले दिन वह कार को लिफ्ट से नीचे उतार रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह लिफ्ट से गिर गया। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए थे और सिर पर गंभीर चोट लगी थी। घायल अवस्था में उसे शोरूम प्रबंधन ने तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। पिछले 20 दिनों से वह वेंटिलेटर पर जीवन और मौत के बीच जूझ रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। राज के परिजनों ने शोरूम प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे की सही जानकारी छुपाई गई और जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज मांगा तो पहले दिखाने से इनकार कर दिया गया। बाद में जो फुटेज दिखाया गया, वह एडिट किया हुआ था। परिवार ने राज की मौत के लिए शोरूम प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक राज परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी कमाई पर छोटे भाई और माता-पिता की जिम्मेदारी थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार गहरे सदमे में है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, शोरूम प्रबंधन का कहना है कि घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और इलाज का पूरा खर्च कंपनी उठा रही थी। साथ ही, उन्होंने पुलिस को साढ़े चार मिनट का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है।
