गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 19 मवेशियों के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, 15.95 लाख का माल जब्त…..

मुंगेली: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले की जरहागांव पुलिस ने गौ तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेमरचुवा गांव के पास मोतिमपुर की ओर से आ रहे एक माजदा ट्रक को रोका। ट्रक में 9 भैंस और 10 भैंसा भरे हुए थे। इस दौरान ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय टंडन (40), राजेश टंडन उर्फ पिंटू (32), बलम उर्फ परमेश्वर (26) और दशरूराम उर्फ बुचई (45) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों की तस्करी करना स्वीकार किया। पुलिस ने माजदा ट्रक और 19 मवेशियों समेत कुल 15.95 लाख रुपए का माल जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
