1.10 करोड़ की शराब पर चला जेसीबी, पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई……

जगदलपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बस्तर जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले के 13 थानों से जब्त करीब 30 हजार 636 लीटर अवैध मदिरा को जेसीबी चलाकर नष्ट किया गया। जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 1.10 करोड़ रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई के दौरान देशी शराब 4,398.960 लीटर और विदेशी मदिरा 26,237.070 लीटर जब्त की थी। यह शराब बोधघाट, परपा, बस्तर, लोहण्डीगुड़ा, बड़ांजी, कोडेंनार, दरभा, भानपुरी, मारडूम, बकावंड़ एवं बुरगुम थाना क्षेत्र से बरामद की गई थी। शराब नष्टीकरण की कार्रवाई बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा और अति. जिला दण्डाधिकारी सीपी बघेल की मौजूदगी में की गई। इस दौरान अति. पुलिस अधीक्षक जगदलपुर माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार धोत्रे, नायब तहसीलदार बकावंड़, थाना प्रभारी परपा-बोधघाट सहित पर्यावरण विभाग के नंदकुमार पटेल (कैमिस्ट) भी मौजूद रहे।

