गणेश पंडाल के साउंड बॉक्स को लेकर बवाल, महिलाओं में जमकर मारपीट, युवक ने जड़ा थप्पड़, दी धमकी……

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में गणेश पंडाल की तैयारियों के दौरान बड़ा विवाद हो गया। साउंड बॉक्स और अन्य सामान के बंटवारे को लेकर दो समितियों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि महिलाएं आपस में भिड़ गईं और जमकर थप्पड़ जड़े। इसी बीच गुस्से में एक युवक भी आगे आया और एक महिला को जोरदार थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी। युवक ने धमकी भी दी कि “36 भाई हैं, 36 टुकड़े कर देंगे।”
पुलिस में दर्ज हुई दो FIR….
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराया। बाद में दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पहली FIR अंजलि भास्कर की शिकायत पर दर्ज हुई, जिसमें उसने अमरेश चतुर्वेदी, अजय चतुर्वेदी और अजीत चतुर्वेदी पर नशे में गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया।
दूसरी FIR प्रभा साहू की शिकायत पर दर्ज की गई। उसने अंजलि भास्कर, रीना घोष और ज्योति निषाद पर मारपीट और गाली देने का आरोप लगाया।
महिलाओं को आई चोट…
झगड़े में दोनों पक्षों की कई महिलाओं को चोटें आई हैं। उनके सिर, पीठ, सीने और अन्य हिस्सों पर निशान पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस कॉलोनी के अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।


















