फिल्मी स्टाइल पीछा, इनोवा से भिड़ी पुलिस, स्कॉर्पियो और बाइक को टक्कर, आखिरकार तस्कर दबोचे गए…

गरियाबंद: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में फिल्मी अंदाज़ का नज़ारा देखने को मिला, जब इनोवा कार में सवार संदिग्ध तस्करों ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। कार इतनी तेज़ रफ्तार से दौड़ रही थी कि रोकना मुश्किल हो गया। पीछा करते हुए आरोपियों ने पहले पुलिस की स्कॉर्पियो को टक्कर मारी, फिर मालगांव चौक में खड़ी एक बाइक को भी ठोक दिया। इसके बाद पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर इनोवा को रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार चालक पहाड़ियों की ओर भाग निकला, जबकि पीछे बैठे दो तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बताया जा रहा है कि गरियाबंद पुलिस ने छुरा से लेकर मालगांव तक लगातार पीछा किया और फिलहाल पुलिस ने इनोवा को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। गाड़ी में छिपे राज़ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि इनोवा से होने वाली तस्करी का बड़ा खुलासा जल्द किया जाएगा।

