बिलासपुर; ऑपरेशन प्रहार, तलवार लहराकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में बढ़ती चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने वालों पर नकेल कसने पुलिस की मुहिम “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बिल्हा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ग्राम देवकिरारी अटल चौक के पास आम लोगों को तलवार लहराकर डराने-धमकाने वाले युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम संदीप उर्फ धर्मेंद्र साहू (22 वर्ष) निवासी देवकिरारी थाना बिल्हा है। मामला 21 अगस्त की सुबह का है। मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हाथ में लोहे की तलवार लेकर चौक पर आने-जाने वालों को आतंकित कर रहा है। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के पास से एक लोहे की तलवार बरामद की गई। तलवार रखने के संबंध में जब वैध दस्तावेज मांगे गए तो आरोपी कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में चाकूबाजी और अवैध हथियारों पर सख्ती की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक उमेश साहू, उप निरीक्षक एस.पी. लहरे, प्रधान आरक्षक अरविंद तिग्गा और आरक्षक संतोष मरकाम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक तत्वों, अवैध हथियार रखने और आम नागरिकों को आतंकित करने वालों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
