जंगल और नदी किनारे चल रही 4 महुआ शराब की भट्टियां ध्वस्त…..

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन में भूपदेवपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग ने आज सुबह टीम के साथ ग्राम जबलपुर से लगे जंगल और नदी किनारे दबिश दी। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस के पहुंचने से पहले शराब बनाने वाले लोग मौके से भाग निकले। हालांकि पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर संचालित महुआ शराब की भट्टियां ध्वस्त कर दीं। प्रत्येक स्थान पर रखे गए 40 से 50 बोरी महुआ पास को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले ढांचे और उपकरणों को तोड़ दिया गया ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां न हो सकें। कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी संजय नाग ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को चेतावनी दी कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री में लिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
