भीषण सड़क हादसा, सर्वमंगला पुल के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर…..

कोरबा: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के कुसमुंडा मार्ग पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सर्वमंगला पुल के पास आमने-सामने दो ट्रकों की टक्कर में दोनों वाहन चालकों की हालत गंभीर हो गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर (सीजी 10 बीओ 0487) राताखार की ओर से आ रही थी, जबकि हाइवा ट्रक (सीजी 11 बीई 6201) कुसमुंडा से कोरबा की ओर जा रही थी। सर्वमंगला पुल के पास दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों चालकों को अस्पताल भिजवाया। फिलहाल उनका इलाज जारी है। पुलिस ने प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ओवर स्पीड बताई है। दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवर स्पीड पर सख्ती से नियंत्रण करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
