डेम में नहाने उतरा PWD इंजीनियर का बेटा लापता, पुलिस-नगर सेना की टीम रेस्क्यू में जुटी, दोस्तों से पूछताछ जारी…..

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। PWD के सब इंजीनियर डीके प्रधान का बेटा सुशांत प्रधान (24), निवासी छोटे अतरमुड़ा, डेम में नहाने के दौरान अचानक लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बीते रात करीब 2 बजे, सुशांत अपने दो दोस्तों पुरेंद्र सिंह और अविनाश सारथी के साथ कार से लाखा डेम के पीछे वाले हिस्से में गया था। वहीं पर सुशांत नहाने के लिए पानी में उतरा और अचानक गहरे पानी में डूबकर गायब हो गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब सुशांत बाहर नहीं निकला, तो उसके दोस्तों ने घबराकर सिटी कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नगर सेना की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल, युवक की तलाश जारी है। पुलिस सुशांत के दोनों दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। आशंका जताई जा रही है कि युवक डेम के गहरे पानी में डूब गया है।
