मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ब्राउन शुगर और चरस के साथ 1 नाबालिग सहित 2 गिरफ्तार, 2.80 लाख का माल जब्त……

मुंगेली: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारी चोट करते हुए ब्राउन शुगर और चरस की तस्करी करने वाले एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ‘‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’’ अभियान और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत की गई है। जानकारी के मुताबिक थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से बिलासपुर से मुंगेली की ओर ब्राउन शुगर और चरस लेकर आ रहे हैं। सूचना की तस्दीकी के लिए पुलिस ने ग्राम छतौना के पास घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया। पकड़े गए आरोपियों में 24 वर्षीय दिवी उर्फ बाबू पाठक निवासी रामगोपाल वार्ड मुंगेली और एक अपचारी बालक शामिल है। बालक की जेब से 4.03 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत 8,000 रुपये), एक मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं आरोपी दिवी पाठक के पास से 20.18 ग्राम चरस (कीमत 40,000 रुपये) और एक आईफोन (कीमत 1 लाख रुपये) जब्त किया गया। पुलिस ने मौके से कुल 2.80 लाख रुपये के मादक पदार्थ और सामान जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया। थाना जरहागांव में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने इस सफलता को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे की तस्करी या बिक्री की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव उपनिरीक्षक नंदलाल पैकरा, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील बंछोर सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस की इस तगड़ी कार्रवाई ने नशा तस्करों के नेटवर्क को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है।

